‘गगनयान मिशन की दिशा में मील का पत्थर’, अंतरिक्ष से लौटने पर PM Modi ने शुभांशु शुक्ला को दी बधाई

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले देश के पहले अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को एक्सिओम-4 मिशन की सफलता के बाद अपने तीन अन्य साथियों के साथ मंगलवार को सकुशल धरती पर लौटने पर बधाई दी और उनका स्वागत किया। मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा,“ मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूँ, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट रहे हैं।

PM Modi

 

अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उन्होंने अपने समर्पण, साहस और भावनाओं से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है। यह भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन – गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर है।” उल्लेखनीय है कि स्पेसएक्स का ड्रैगन अंतरिक्ष यान भारतीय समय के अनुसार अपराह्न तीन बजे के करीब समुद्र में उतरा। ग्रुप कैप्टन शुक्ला और उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिन बिताये। इस दौरान उन्होंने कई वैज्ञानिक अनुसंधानों को अंजाम दिया। चारों अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर यान भारतीय समय के अनुसार सोमवार दोपहर बाद चार बजकर 35 मिनट पर अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना हुआ था।

Related Articles

Back to top button