Defence: नाकाला में मोजाम्बिक को दो इंटरसेप्टर सौंपे गए

Two interceptors handed over to Mozambique in Nacala

हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) के मित्र देशों के साथ अपनी क्षमता निर्माण प्रतिबद्धताओं के एक हिस्से के रूप में, भारत सरकार ने 08 नवंबर 24 को मोजाम्बिक सरकार को दो जल-जेट चालित फास्ट इंटरसेप्टर क्राफ्ट (एफआईसी) उपहार में दिए। फास्ट इंटरसेप्टर क्राफ्टों को भारत से आईएनएस घड़ियाल द्वारा भेजा गया।

क्राफ्टों को सौंपने के समारोह में मोजाम्बिक में भारत के उच्चायुक्त श्री रॉबर्ट शेटकिनटॉन्ग, मापुटो में भारत के नवनियुक्त रक्षा सलाहकार कर्नल पुनीत अत्री और आईएनएस घड़ियाल के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर राजन चिब शामिल हुए। मिनिस्ट्री ऑफ नेशनल डिफेंस के स्थायी सचिव श्री ऑगस्टो कासिमिरो मुइओ ने मोजाम्बिक सरकार की ओर से पोतों को औपचारिक रूप से स्वीकार किया।

इन जल-जेट-चालित नौकाओं की अधिकतम गति 45 नॉट है और 12 नॉट पर इनकी रेंज 200 समुद्री मील है। वे पांच कर्मियों के दल को ले जा सकती हैं और मशीन गन व बुलेट-प्रतिरोधी केबिन से सुसज्जित हैं। दो फास्ट इंटरसेप्टर क्राफ्ट समुद्री आतंकवाद और काबो डेलगाडो प्रांत में चल रहे विद्रोह से निपटने के प्रयास में मोजाम्बिक सरकार की महत्वपूर्ण सहायता करेंगे। इससे पहले, समुद्री सुरक्षा के लिए मोजाम्बिक सरकार के प्रयासों को मजबूत करने के लिए भारत सरकार ने 2019 में दो बड़े इंटरसेप्टर पोत उपहार में दिए थे, इसके बाद जनवरी 2022 में इसी श्रेणी के दो एफआईसी उपहार में दिए गए।

Related Articles

Back to top button