Crime: हरियाणा के अंबाला में भाई ने परिवार के पांच सदस्यों का किया कत्ल, शवों को जलाकर हुआ फरार
In Ambala, Haryana, a brother killed five members of his family, escaped after burning the bodies.
अंबाला, 22 जुलाई (वेब वार्ता)। अपने भाई के परिवार को मौत के घाट उतारने वाला शख्स रिटायर्ड फौजी बताया जा रहा है। हत्या के बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया। आरोपी की बहन के मुताबिक परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। वारदात अंबाला के नारायणगढ़ के रटोर गांव में हुई। बताया जा रहा है कि रिटायर्ड फौजी ने रविवार देर रात हत्या की और सुबह 3 बजे शवों को जलाने की भी कोशिश की। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने जिन लोगों की तेजधार हथियार से हत्या की है उनमें उसकी मां, भाई, भाई की पत्नी और उसके दो बच्चे शामिल हैं। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय हरीश कुमार, 32 वर्षीय सोनिया, 65 वर्षीय सरूपी देवी, पांच वर्षीय यशिका और छह माह के मयंक के रूप में हुई है।

इसके अलावा दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है। मृतक की बहन ने बताया कि परिवार में पिछले कुछ समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस वारदात को क्यों अंजाम दिया गया, इस बारे में मुझे भी ज्यादा जानकारी नहीं है। पुलिस के मुताबिक इस हत्या के पीछे की वजह जमीनी विवाद बताया जा रहा है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है. अंबाला एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया और पुलिस ने अधजले शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अंबाला कैंट अस्पताल भेज दिया है. आपको बता दें कि आग लगने से एक लड़की करीब 90 फीसदी जल गई है और उसका इलाज चल रहा है. वहीं अस्पताल के एक डॉक्टर के मुताबिक अंबाला कैंट सिविल अस्पताल में पांच शव लाए गए थे. इनमें पति-पत्नी, एक बुजुर्ग महिला और दो बच्चों के शव शामिल हैं. फिलहाल पुलिस ने इस हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं. साथ ही पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है.




