चंडीगढ़ में BJP दफ्तर के बाहर धमाका, गाड़ियों के टूटे शीशे, पुलिस ने इलाका किया सील
चंडीगढ़- चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश कार्यालय के बाहर बुधवार शाम अचानक धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत पूरे क्षेत्र को घेरकर सील कर दिया और जांच शुरू कर दी है।

चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर के मुताबिक यह धमाका शाम करीब 5 बजे हुआ। शुरुआती जांच में मौके पर एक एक्टिवा स्कूटर संदिग्ध हालत में खड़ा मिला है। धमाके के बाद पार्टी कार्यालय की दीवार पर 70 से 80 छर्रों जैसे निशान पाए गए हैं, जिससे विस्फोट की प्रकृति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, धमाके के असर से पास में खड़ी एक गाड़ी का शीशा भी टूट गया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटाने में जुटी हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब पूरे शहर में पुलिस द्वारा विशेष नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है।
बीजेपी नेता ने जताई चिंता
पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता विनीत जोशी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और दीवारों पर कई निशान दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह कम तीव्रता का विस्फोट प्रतीत होता है, लेकिन इसकी पूरी जांच जरूरी है।




