ग्रेटर नोएडा के 14 बिल्डरों पर शिकंजे की तैयारी, वसूले जाएंगे करोड़ों रुपये; घर खरीदारों को मिलेगी राहत
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में अटकी पड़ी आवासीय परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्ती शुरू कर दी है। राहत पैकेज और विशेष छूट के बावजूद प्रगति न दिखाने वाले 14 बिल्डरों से करीब 315 करोड़ रुपये बकाया वसूलने के लिए प्राधिकरण ने जिलाधिकारी को आरसी जारी करने का अनुरोध पत्र भेजा है। इन 14 परियोजनाओं में करीब 8,856 घर खरीदारों का पैसा फंसा है।
1,592 करोड़ रुपये जमा हो चुके
प्राधिकरण का मानना है कि बकाया वसूली से परियोजनाएं आगे बढ़ेंगी और खरीदारों को राहत मिलेगी। फंसी परियोजनाओं के समाधान के लिए गठित समिति की सिफारिशें लागू होने के बाद कई बिल्डरों ने बकाया जमा किया है। अब तक लगभग 1,592 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं, जिससे हजारों फ्लैटों की रजिस्ट्री संभव हुई।





