NEET-UG परीक्षा के लिए एनटीए ने जारी किया WhatsApp नंबर, मिलेगी एग्जाम से जुड़ी सभी जानकारी
नई दिल्ली। नीट-यूजी के 21 जून को दोबारा आयोजन में शामिल हो रहे छात्रों को किसी तरह के झूठ और दुष्प्रचार से बचाने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अब एक और अहम कदम उठाया है।

इसमें छात्रों की मदद के लिए एक व्हाट्सएप चैनल शुरू किया है। इसके जरिये छात्रों को परीक्षा से जुड़ी हर तरह की सूचना मुहैया कराई जाएगी।
NEET परीक्षा के लिए व्हाट्सएप पर मिलेगी जानकारी
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी आधिकारिक व्हाट्सएप संदेश सिर्फ उसके सत्यापित नंबर-91-7827980287 के माध्यम से ही भेजे जाएंगे। लिहाजा किसी भी संदेश पर भरोसा करने से पहले व्हाट्सएप के सत्यापित ब्लू टिक और एनटीए के नाम को जांचने का सुझाव दिया गया है।
एनटीए ने शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिये व्हाट्सएप चैनल शुरू करने की जानकारी दी। साथ ही स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों ने 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए अपने प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लिए हैं, उन्हें इसे दोबारा डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं है।
एनटीए ने एक्स के जरिये बताया कि एसएमएस, ई-मेल एवं व्हाट्सएप के जरिये अब सिर्फ उन्हीं छात्रों को संदेश भेजे जा रहे हैं, जिन्होंने अभी तक अपने नए प्रवेश-पत्र डाउनलोड नहीं किए हैं।
एनटीए ने यह भी बताया कि अब तक 20 लाख छात्रों ने 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लिए हैं। नीट-यूजी के लिए इस बार करीब 22 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं।
पुराने प्रवेश-पत्र नहीं होंगे मान्य
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि नीट-यूजी के तीन मई को हुए आयोजन के लिए जारी किए गए प्रवेश-पत्र 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए मान्य नहीं होंगे, क्योंकि कई उम्मीदवारों को उनके पसंदीदा शहरों में नए परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।




