मुरैना में डिप्टी कलेक्टर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप

ग्वालियर। मुरैना के डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर के खिलाफ एक 32 वर्षीय महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि अधिकारी ने शादी का वादा कर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और बाद में विवाह से इंकार कर दिया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपित अधिकारी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद सिविल लाइन थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।

फेसबुक पर हुई थी पहचान
शिकायत में महिला ने बताया कि वर्ष 2025 की शुरुआत में उसकी पहचान इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से अरविंद माहौर से हुई थी। उस समय वे सबलगढ़ में एसडीएम के पद पर पदस्थ थे। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और संपर्क लगातार बना रहा।

महिला का आरोप है कि इसी दौरान अधिकारी ने विवाह का प्रस्ताव रखा, जिस पर उसने सहमति जताई। इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ।

सरकारी आवास और फ्लैट में शोषण का आरोप
पीड़िता के अनुसार, 30 मार्च 2025 को आरोपित उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया और विवाह का भरोसा देकर उसके साथ कार में दुष्कर्म किया। शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि इसके बाद सबलगढ़ स्थित सरकारी आवास और ग्वालियर के एक फ्लैट में भी कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए।

महिला का दावा है कि आरोपित लगातार शादी का आश्वासन देता रहा और इसी भरोसे पर वह उसके संपर्क में रही। बाद में जब उसने विवाह की बात आगे बढ़ानी चाही तो अधिकारी ने इंकार कर दिया।

धमकाने का भी आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विवाह के लिए दबाव बनाने पर आरोपी ने न केवल संबंध स्वीकारने से इंकार किया, बल्कि शिकायत करने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दीं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में प्रस्तुत साक्ष्यों और बयानों की भी पड़ताल की जा रही है।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं अधिकारी
अरविंद माहौर इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं। सबलगढ़ में पदस्थापना के दौरान एक अन्य विवाद से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद सितंबर 2025 में उन्हें निलंबित किया गया था। उस प्रकरण को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी।

पांच करोड़ ओर एक महीने लड़की चेक करने भेजो
बताया गया है कि पीड़िता के मोबाइल में कुछ ऐसे वीडियो हैं, जिनमें डिप्टी कलेक्टर द्वारा शारीरिक शोषण की पुष्टि हो रही है। पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी लिखा है कि डिप्टी कलेक्टर माहौर शादी में पांच करोड़ रुपये कैश और एक महीने के लिए लड़की को चेक करने के लिए साथ भेजने की मांग स्वजन से करने लगा।

Related Articles

Back to top button