क्यों चेहरे पर बार-बार एक ही जगह निकलता है पिंपल? डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताई वजह
नई दिल्ली। हम सभी के लिए चेहरे पर पिंपल आना एक आम परेशानी है, लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि कोई पिंपल ठीक होने के बाद उसी जगह पर बार-बार क्यों निकल आता है?
यह सिर्फ एक इत्तेफाक या कोई साधारण मुंहासा नहीं है। इसके पीछे कुछ खास कारण होते हैं जिन्हें समझना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं कि आखिर ऐसा क्यों होता है और इससे कैसे छुटकारा पाया जा सकता है।

एक ही जगह पर बार-बार पिंपल आने के मुख्य कारण
PSRI अस्पताल, दिल्ली के त्वचा रोग विशेषज्ञ, डॉ. भावुक धीर के अनुसार, जब हमारी त्वचा का कोई एक रोमछिद्र बार-बार बंद हो जाता है या वहां लगातार सूजन बनी रहती है, तो पिंपल उसी जगह पर दोबारा लौट आता है। इसके कुछ प्रमुख कारण इस प्रकार हैं:
जरूरत से ज्यादा ऑयल प्रोडक्शन: जब हमारी त्वचा की ऑयल ग्लैंड्स बहुत ज्यादा तेल बनाती हैं, तो यह धूल-मिट्टी और डेड स्किन के साथ मिलकर त्वचा के पोर्स को ब्लॉक कर देता है। अगर यह समस्या किसी एक ही जगह पर लगातार होती है, तो वहां पिंपल निकलने लगते हैं। यह परेशानी खासकर चेहरे के टी-जोन (माथा, नाक और ठुड्डी) पर ज्यादा देखी जाती है।
हार्मोनल असंतुलन: महिलाओं में पीरियड्स, तनाव या नींद पूरी न होने की वजह से हार्मोन का संतुलन बिगड़ जाता है। इस कारण से भी एक ही जगह पिंपल बार-बार उभरते हैं। महिलाओं में यह समस्या ज्यादातर ठुड्डी या जॉ-लाइन के आसपास होती है।
पिंपल को छेड़ना या फोड़ना: कई लोगों की आदत होती है कि वे पिंपल को बार-बार छूते हैं या उसे दबाकर फोड़ने की कोशिश करते हैं। ऐसा करने से उस जगह की त्वचा पूरी तरह ठीक नहीं हो पाती और अंदर बैक्टीरिया रह जाते हैं, जिससे वही पिंपल फिर से बन जाता है।
बैक्टीरिया फैलाने वाली चीजें: आपके रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें जैसे गंदे तकिए का कवर, मोबाइल फोन की स्क्रीन या बिना धुले मेकअप ब्रश भी बैक्टीरिया फैलाते हैं। ये उसी जगह पर बार-बार इन्फेक्शन का कारण बन सकते हैं।
सिस्टिक एक्ने की समस्या: त्वचा विशेषज्ञों के मुताबिक, कभी-कभी यह ‘सिस्टिक एक्ने’ भी हो सकता है। यह त्वचा के काफी अंदर गहराई में बनता है और एक ही जगह पर दर्दनाक पिंपल के रूप में बार-बार उभरता है। ऐसे मामलों में सिर्फ घरेलू उपाय काम नहीं आते हैं।




