इटली में दो सिख सेवादारों की गोली मारकर हत्या, गाड़ी में आए हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
बर्गामो : इटली के कोवो में शुक्रवार रात गुरुद्वारा साहिब के बाहर दो सिख सेवादारों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान राजिंद्र सिंह (48) और गुरमीत सिंह (48) के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से गुरुद्वारा साहिब में सेवादार के रूप में काम कर रहे थे।

जब दोनों सेवादार गुरुद्वारा साहिब के एंट्री गेट पर मौजूद थे, तभी गाड़ी में सवार कुछ हमलावरों ने उन पर करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सेवादारों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर भारतीय मूल का ही है और मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। बैसाखी के उपलक्ष्य में यहाँ नगर कीर्तन होना था, जिसे इस घटना के बाद रद्द कर दिया गया है। राजिंद्र सिंह अपने पीछे तीन बच्चे और गुरमीत सिंह दो बच्चे छोड़ गए हैं।




