पंजाब विधानसभा में कांशीराम को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पारित, कांग्रेस ने भगत सिंह के लिए भी की मांग

चंडीगढ़। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न देने को लेकर सोमवार को पंजाब विधानसभा में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ। इसे लेकर वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने प्रस्ताव पेश किया। कांग्रेस ने इसका समर्थन तो किया लेकिन नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से प्रेरित होकर आप सरकार यह प्रस्ताव लेकर आई है।

इस पर कैबिनेट मंत्री व आप के प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा ने कहा, राहुल गांधी 10 वर्ष लेट हैं, क्योंकि 2016 में आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कांशीराम को भरत रत्न देने की मांग रखी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उत्तर प्रदेश में तो दिया बुझ चुका है। पंजाब में फड़फड़ा रहा है, जिसे बचाने के लिए राहुल गांधी ने अब यह मांग की है। प्रस्ताव भले ही सर्वसम्मति से पास हुआ, लेकिन दोनों तरफ से एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा गया।

कांशीराम के 92वें जन्मदिवस के एक दिन बाद विधानसभा में आए प्रस्ताव के बाद प्रताप सिंह बाजवा ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के लिए भी भारत रत्न की मांग की। उन्होंने विधानसभा में प्रस्ताव रखा, लेकिन स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने मंजूरी नहीं दी। बाजवा ने कहा ‘आप सरकार शहीद भगत सिंह की तस्वीर लगाती है, इसलिए उन्हें भारत रत्न देने का प्रस्ताव कांशीराम वाले प्रस्ताव के साथ ही जोड़ लिया जाए।’

बहस में हिस्सा लेते हुए आदमपुर से कांग्रेस के विधायक सुखविंदर कोटली ने कहा कि 2021 में कांग्रेस सरकार ने आदमपुर में कांशीराम के नाम पर डिग्री कालेज बनाने की घोषणा की थी। आदमपुर नगर कौंसिल ने इस डिग्री कालेज के लिए जमीन भी दे दी है, लेकिन इस कॉलेज का नींवपत्थर भी अभी तक नहीं रखा गया। बजट में भी इसके लिए कोई प्राविधान नहीं रखा गया। अब नींवपत्थर तो रख दिया जाए।

उन्होंने यह भी कहा, पूर्व शिक्षा मंत्री (गुरमीत सिंह मीत हेयर) के लगाए गए सवाल के जवाब का हवाला देते हुए कहा कि जिस प्रकार से हम कांशीराम के लिए भारत रत्न की मांग कर रहे है। उसी प्रकार से सरकार को उनके क्षेत्र में डिग्री कॉलेज भी बनाना चाहिए। वहीं बसपा के विधायक डॉ. नछत्तर पाल ने कहा कि जिन लोगों ने कांशी राम के बहुजन मूवमेंट को फेल करने की कोशिश की, वही लोग आज भारत रत्न के लिए क्रेडिट लेने की होड़ में लगे हुए हैं। हालांकि बहस के बाद प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हो गाय। बता दें कि कांशीराम का जन्म रोपड़ जिले के गांव ख्वासपुरा में हुआ था, लेकिन उन्हें राजनीतिक शक्ति उत्तर प्रदेश में मिली थी।

गैस सिलिंडर की कमी को लेकर आप ने किया प्रदर्शन
सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने सिलिंडर की कमी को लेकर सदन के अंदर और बाहर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। आप विधायक काले रंग का लिबास ओढ़ कर आए थे, जिस पर लिखा था ‘मोदी ने किया सरेंडर, गायब हुआ सिलिंडर।’ सोमवार को बजट सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही आप विधायकों ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इस पर स्पीकर ने सदन को 20 मिनट के लिए स्थगित कर दिया।

बता दें कि 11 मार्च को आप सरकार एलपीजी व पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर निंदा प्रस्ताव लेकर आई थी, जिसे 12 मार्च को पास किया गया था। वहीं, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि आप विधायकों ने वेल में आकर प्रदर्शन करके यह साबित कर दिया है कि वह सत्ता में रहने के काबिल नहीं हैं।

 

Related Articles

Back to top button