अमृतसर में बहू का खौफनाक कांड, प्रेमी को घर बुलाकर तकिए से घोंटा सास का गला; बचने के लिए रची लूट की झूठी कहानी

अमृतसर : अमृतसर के झब्बाल रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी 65 वर्षीय सास कमलेश रानी को बेहरमी से मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए बहू ने घर में लूटपाट की झूठी कहानी रची और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की कड़ी पूछताछ में वह अपने ही बुने जाल में फंस गई और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

अवैध संबंधों में रोड़ा बन रही थी सास

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार, मृतका कमलेश रानी की हत्या की शिकायत खुद उनकी बहू मिंटी शर्मा ने दर्ज करवाई थी। पुलिस ने जब चोरी और हत्या के एंगल से गहराई से जांच की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि मिंटी शर्मा के इंदिरा कॉलोनी में ही रहने वाले दलवीर सिंह उर्फ लाडी के साथ अवैध संबंध थे। मृतका कमलेश रानी को इन संबंधों के बारे में पता था और वह अक्सर इसका कड़ा विरोध करती थीं। इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़े होते थे। अपने रास्ते से इस रुकावट को हटाने के लिए मिंटी ने खौफनाक साजिश रच डाली।

शादी में गया था परिवार, एसी रिपेयर के बहाने बुलाया

साजिश को अंजाम देने के लिए मिंटी ने 9 मार्च का दिन चुना। उस दिन परिवार के बाकी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पठानकोट के दीनानगर गए हुए थे और घर पर केवल मिंटी और उसकी सास मौजूद थीं। मौका पाकर मिंटी ने अपने प्रेमी दलवीर को एसी ठीक करने के बहाने घर बुला लिया। इसके बाद दोनों चुपके से कमलेश रानी के कमरे में घुसे और सो रही सास का मुंह तकिए से जोर से दबा दिया। कुछ देर छटपटाने के बाद कमलेश रानी की सांसें हमेशा के लिए थम गईं।

पुलिस को गुमराह करने के लिए बिखेरा सामान

हत्या को अंजाम देने के बाद मिंटी और दलवीर ने वारदात को डकैती का रूप देने की कोशिश की। उन्होंने जानबूझकर कमरे की अलमारियां तोड़ दीं और सारा सामान इधर-उधर बिखेर दिया। इसके बाद मिंटी ने खुद पुलिस को फोन करके अज्ञात लोगों द्वारा घर में घुसकर लूटपाट और सास की हत्या करने की झूठी शिकायत दर्ज करवाई।

सख्ती से पूछताछ में टूट गई आरोपी बहू

पुलिस ने जब मौका-ए-वारदात का मुआयना किया तो उन्हें मिंटी की कहानी में कई झोल नजर आए। शक के आधार पर जब पुलिस ने मिंटी से सख्ती से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल पाई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मिंटी की निशानदेही पर उसके प्रेमी दलवीर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button