मुठभेड़ में हत्या के आरोपी दो बदमाश घायल गिरफ्तार, अवैध हथियार व टाटा पंच बरामद
गौतमबुद्धनगर। थाना इकोटेक प्रथम पुलिस ने चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में हत्या के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई में काबू किया गया। उनके कब्जे से अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक टाटा पंच कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को थाना इकोटेक प्रथम की टीम इमलिया का कट पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान सचिन पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम हसनपुर, थाना जहांगीरपुर, जिला बुलंदशहर तथा विपिन उर्फ कल्ला पुत्र सुरेश उर्फ बुग्गा निवासी लुक्सर, थाना इकोटेक प्रथम, गौतमबुद्धनगर (दोनों उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी थाना इकोटेक प्रथम पर दर्ज हत्या से संबंधित मुकदमे में वांछित चल रहे थे।
पुलिस ने मौके से एक पिस्टल .32 बोर मय 02 जिंदा कारतूस व 02 खोखा कारतूस, एक पिस्टल .30 बोर मय 02 जिंदा कारतूस व 02 खोखा कारतूस तथा एक टाटा पंच कार (UP16EP2392) बरामद की है। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना इकोटेक प्रथम में पहले भी आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




