क्या नाबालिग बच्चे को बेचने का प्लान था? पटियाला पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अपहरण की गुत्थी, आरोपी महिला गिरफ्तार
राजपुरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अपहरण किए गए 7 वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद किया है। एक महिला, ललिता, को गिरफ्तार किया गया, जिसने ‘मामा’ नामक व्यक्ति के शादी के झांसे में आकर बच्चे का अपहरण किया था। पुलिस ने तकनीकी ट्रेसिंग से अमलोह से बच्चे को बचाया। ‘मामा’ फरार है और मानव तस्करी के एंगल से जांच जारी है।

शादी का झांसा और ‘मामा’ का जाल
पुलिस तफ्तीश में आरोपी महिला ललिता ने बताया कि वह पिछले 3 महीने से बच्चे के मोहल्ले में ही रह रही थी। उसने कबूल किया कि अमलोह में ‘मामा’ नाम से मशहूर एक व्यक्ति, जो नमकीन बेचने का काम करता है, उसने उसे शादी करवाने का झांसा दिया था। ललिता की एक सहेली ने उसकी पहचान इस 50 वर्षीय व्यक्ति से करवाई थी। ‘मामा’ ने शर्त रखी थी कि अगर वह उसे एक छोटा बच्चा लाकर देगी, तो वह उसकी शादी किसी अच्छी जगह करवा देगा। इसी लालच में आकर ललिता ने अपहरण की साजिश रची।




