पंजाब के मोगा में बड़ा हादसा, बस ने पुलिस कर्मियों की कार को मारी टक्कर; ASI सहित तीन घायल
मोगा के किली चाहल गांव में आम आदमी पार्टी की रैली स्थल के पास एक निजी बस ने पुलिसकर्मियों की कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैफिक पुलिस के एएसआई राजविंदर सिंह, महिला हेड कांस्टेबल मनप्रीत कौर और अमनजीत सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को मोगा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस को जब्त कर पुलिस जांच कर रही है।

इस टक्कर के दौरान जहां गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई वहीं एक महिला पुलिसकर्मी समेत तीन पुलिस कर्मचारी घायल हो गए जिनका इलाज के लिए मोगा के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
AAP रैली स्थल के पास हुआ हादसा
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार गांव किली चाहल में सोमवार को आम आदमी पार्टी की रैली हो रही है इसी को लेकर पुलिस प्रशासन तैनात किया गया है। रैली स्थल के पास पुलिस कर्मचारियों की गाड़ियां खड़ी करने के लिए एक वीआईपी पार्किंग बनाई गई है, जहां पर ट्रैफिक पुलिस के एएसआई राजविंदर सिंह गाड़ियों को पार्किंग में खड़ा करवा रहे थे कि जालंधर से महिला हेड कॉन्स्टेबल मनप्रीत कौर तथा अमनजीत सिंह कार में सवार होकर पार्किंग स्थल के पास पहुंचे और गाड़ी को पार्किंग में खड़ा करने वाले ही थे कि इसी दौरान मोगा से लुधियाना जा रही जयपुर एक्सप्रेस की निजी बस ने उनकी कर को जबरदस्त टक्कर मार दी।




