रूस ने 18 बैलिस्टिक मिसाइलों और 293 ड्रोन से यूक्रेन पर बरपाया कहर, 4 की मौत
रूस ने इस साल का सबसे भीषण हमला यूक्रेन पर किया, जिसमें कीव सहित कई शहरों को निशाना बनाया गया। 18 बैलिस्टिक मिसाइलों और 293 ड्रोन के हमलों में चार लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। कीव में इमारतों और एक थर्मल पावर प्लांट को नुकसान पहुंचा। यूक्रेनी वायुसेना ने अधिकांश ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया। अमेरिका ने रूस पर युद्ध लंबा खींचने का आरोप लगाया है।

कीव के सैन्य प्रशासन तैमूर टकाचेंको ने मंगलवार को बताया कि राजधानी पर भीषण मिसाइल हमला किया गया। जबकि निजी ऊर्जा कंपनी डीटीईके ने कहा कि रूसी हमले में उसके एक थर्मल पावर प्लांट को भारी नुकसान पहुंचा। यूक्रेनी वायुसेना ने बताया कि वायु रक्षा इकाइयों ने 240 ड्रोन और सात मिसाइलों को मार गिराया। जबकि यूक्रेनी टेलीग्राम निगरानी चैनलों ने कहा कि रात में महज एक घंटे के भीतर लगभग 20 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं।




