दिल्ली में अब खत्म होगी ट्रैफिक जाम की समस्या, 56 जगहों पर शुरू हुई ‘बॉक्स पार्किंग’
दिल्ली में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने 56 भीड़भाड़ वाली जगहों पर बॉक्स पार्किंग शुरू की है। इससे 2,984 वाहनों को व्यवस्थित रूप से पार्क किया जा सकेगा। इस पहल का उद्देश्य ट्रैफिक को सुचारू बनाना, प्रदूषण कम करना और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही को आसान बनाना है। चांदनी चौक, कमला नगर जैसे प्रमुख इलाकों को इसमें शामिल किया गया है, जिससे शहर का ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा।

उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने राजधानी में यातायात जाम कम करने के लिए 56 स्थानों पर बॉक्स पार्किंग शुरू की है। इस पहल का मकसद ट्रैफिक को सुचारू बनाना, प्रदूषण कम करना और इमरजेंसी सेवाओं की बिना रुकावट आवाजाही को आसान बनाना है।
दिल्ली पुलिस द्वारा पहचानी गई इन 56 बॉक्स पार्किंग जगहों पर कुल 2,984 वाहन पार्क किए जा सकते हैं। इस योजना में चांदनी चौक, कमला नगर मार्केट, विकास मार्ग, नेताजी सुभाष प्लेस, गांधी नगर, पुस्ता रोड, रोहिणी, मालवीय नगर, द्वारका और यूसुफ सराय जैसे प्रमुख और बहुत भीड़भाड़ वाले इलाकों को शामिल किया गया है। इन इलाकों में बेतरतीब पार्किंग के कारण ट्रैफिक जाम की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।




