Pravesh Sahib Singh – दिल्ली वालों की बल्ले-बल्ले, प्रगति मैदान अंडरपास-5 प्रोजेक्ट फिर होगा शुरू; जाम से मिलेगी मुक्ति

नयी दिल्ली: दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलते ही प्रगति मैदान इंटीग्रेटेड ट्रांजिट कॉरिडोर के अधूरे अंडरपास का काम मानसून के बाद शुरू कर दिया जाएगा। सिंह ने आज यहां प्रगति मैदान में अंडरपास का निरीक्षण करने के बाद कहा “हमने सभी तकनीकी मूल्यांकन पूरे कर लिए हैं और केंद्र को अंतिम मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेज दिया है।

Pravesh Sahib Singh

जैसे ही स्वीकृति मिलती है, हम मानसून के तुरंत बाद काम शुरू कर देंगे। यह अंडरपास प्रगति मैदान क्षेत्र में ट्रैफिक की भीड़ को कम करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और हम इसे जल्द से जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में जब अंडरपास का निर्माण काम किया जा रहा था, तभी यमुना नदी के कारण आयी बाढ़ के चलते कंक्रीट के बॉक्स जमीन में धंस गए और इस तकनीकी जटिलता के कारण निर्माण रोकना पड़ा।

उन्होंने कहा “हमने आईआईटी दिल्ली, आईआईटी बॉम्बे जैसे शीर्ष संस्थानों से सलाह ली और उनके सुझावों के आधार पर नयी तकनीक अपनाने का निर्णय लिया है। यह तरीका रेलवे लाइन को बिना छेड़े सुरंग निर्माण की अनुमति देता है और सुरक्षा की दृष्टि से बेहतर है।”उन्होंने कहा “हमें उम्मीद है कि केंद्र से जल्द ही स्वीकृति मिलेगी।

डिजाइन पूरी तरह से सुरक्षित है, विधि व्यावहारिक है, और ट्रैफिक की भीड़ को देखते हुए जल्द काम शुरू करना ज़रूरी है।मंजूरी मिलते ही कार्य मानसून के बाद शुरू होगा, जिसे आठ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सिंह ने कहा कि इस समय अधूरे अंडरपास के कारण ट्रैफिक को बैरिकेडिंग और अस्थायी डायवर्जन के माध्यम से नियंत्रित किया जा रहा है, जिससे रिंग रोड, भैरो मार्ग और सराय काले खां क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।

निर्माण पूरा होने के बाद, यह खंड दोनों दिशाओं में निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा “हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली को विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा मिले, जिसमें सुरक्षा और स्थायित्व दोनों हों। जैसे ही अनुमति मिलेगी, हम काम शुरू कर देंगे।”

 

Related Articles

Back to top button