पं. श्रीराम शर्मा के नाम पर एमडीयू में स्थापित होगी शोध पीठ : नायब सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान निर्माण सभा के सदस्य पं. श्रीराम शर्मा के नाम पर महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) रोहतक में एक शोध पीठ की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र के लिए उनके महान योगदान के दृष्टिगत प्रदेश में एक विश्वविद्यालय या संस्थान का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष एक अक्तूबर को उनकी जयंती मनाएगी। इस अवसर पर प्रदेश भर के स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, कविता लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे छात्रों को उनके जीवन और विचारों को जानने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने पं. श्रीराम शर्मा की प्रतिमा स्थल पर 30 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और उस स्थान के सौंदर्यीकरण करवाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री बुधवार को रोहतक में पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच द्वारा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पं. श्रीराम शर्मा पार्क की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे।
पंडित श्रीराम शर्मा विचार मंच द्वारा रखी गई दो अन्य मांगों बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन पर उनकी शौर्यगाथा लिखने तथा स्कूली पाठ्यक्रम में उनकी जीवनी को शामिल करने के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मांगें संबंधित विभागों को भिजवा कर पूरी करवायी जायंगी। उन्होंने पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच समिति के लिए 21 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की। पं. श्रीराम शर्मा को सच्चा देशभक्त, सम्मानित राजनेता, समाज सुधारक और गांधीवादी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा के सदस्य के रूप में उन्होंने देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।