चंडीगढ़ बॉर्डर पर किसान की आत्महत्या से मचा हड़कंप, गीजर हादसा

चंडीगढ़: हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे 55 वर्षीय किसान ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। किसान नेताओं ने कहा कि आंदोलन स्थल पर तीन सप्ताह के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। मृतक किसान की पहचान तरनतारन जिले के पाहुविंड के निवासी रेशम सिंह के रूप में हुई है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी की मांग को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए किसान पिछले एक साल से शंभू सीमा पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि रेशम सिंह को पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
वहीं हरियाणा-पंजाब के खनौरी बॉर्डर पर दिल्ली कूच के लिए डेरा डाले किसानों के कैंप में लगा गैस गीजर फट गया। हादसे में एक किसान झुलस गया। उसे पातड़ा पटियाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल किसान की पहचान गांव सराई पटी समाना निवासी गुरदयाल (48) के रूप में हुई है। गुरुवार को पानी निकालने के दौरान गीजर फट गया। गर्म पानी गुरदयाल पर जा गिरा, जिससे वह झुलस गया। धरनास्थल पर प्राथमिक उपचार देने के बाद गुरदयाल को समाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। गुरदयाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button