चंडीगढ़ भाजपा मुख्यालय ब्लास्टः पांच आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश…विदेश में बैठा हैंडलर कर रहा था सबकुछ आपरेट
चंडीगढ़ – सेक्टर 37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट के मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इस बारे में जानकारी देते हुए डीजीपी गाैरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ जॉइंट ऑपरेशन किया। गिरफ्तार आरोपियों में बलविंदर लाल उर्फ शम्मी, जसवीर सिंह उर्फ जस्सी, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी, रूबल चौहान और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा शामिल हैं। इस हमले के मुख्य आरोपी गुरतेज सिंह और अमनप्रीत सिंह अभी फरार हैं।

डीजीपी के अनुसार, यह एक संगठित नेटवर्क था, जिसमें अलग-अलग स्तर पर काम करने वाले सब-मॉड्यूल और कटआउट शामिल थे। इनका काम हथियारों की सप्लाई, ट्रांसपोर्ट और हमले को अंजाम देने तक फैला हुआ था। एसएसओसी (एसएसओसी) मोहाली के एआईजी दीपक पारेख ने बताया कि जांच में सामने आया है कि पुर्तगाल में बैठे हैंडलर के निर्देश पर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया गया। आरोपितों ने न केवल डिलीवरी का समन्वय किया, बल्कि हमले के क्रियान्वयन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। फिलहाल फरार आरोपितों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जाँच से पता चला है कि इस मॉड्यूल को पाक-ISI का समर्थन हासिल था और यह पुर्तगाल और जर्मनी में मौजूद विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर काम कर रहा था।




