Finance Ministry: केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में एआईआईबी के निदेशक मंडल से मुलाकात की
Union Minister for Finance & Corporate Affairs Smt. Nirmala Sitharaman met the Board of Directors of AIIB in New Delhi today
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की, जिसमें बोर्ड समूह के दौरे के लिए भारत आए 9 विभिन्न क्षेत्रों के एआईआईबी के निदेशक मंडल के 11 अधिकारी, एआईआईबी प्रबंधन के वरिष्ठ प्रतिनिधि और एआईआईबी कर्मचारी शामिल थे। एआईआईबी बोर्ड की भारत यात्रा का मुख्य उद्देश्य निदेशक मंडल को एआईआईबी के अपने सदस्य देशों में चल रहे और प्रस्तावित निवेशों के बारे में समग्र जानकारी प्रदान करना और सरकार, निजी क्षेत्र एवं अन्य हितधारकों के साथ जुड़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। पिछले नौ वर्षों में एआईआईबी की उल्लेखनीय प्रगति की सराहना करते हुए, केंद्रीय वित्त मंत्री ने भारत की मजबूत वृहद आर्थिक बुनियाद और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना की शक्ति के सृजन एवं दोहन में प्रदर्शित हुए इसके नेतृत्व के बारे में बताया। केंद्रीय वित्त मंत्री, जो एआईआईबी बोर्ड की गवर्नर भी हैं, ने कहा कि एआईआईबी को जलवायु अनुकूलन और लचीलापन, बुनियादी ढांचे के विकास, ऊर्जा सुरक्षा, शहरी विकास के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में अपने निवेश को व्यापक बनाना चाहिए और भारत के अगली पीढ़ी के सुधारों के लिए समर्थन देना चाहिए। उन्होंने एआईआईबी के परियोजना को आकार देने और कार्यान्वयन में वित्त प्लस और बजट प्लस तत्वों को लगातार शामिल करने के महत्व पर भी जोर दिया।




