Crime: अमेठी में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या
Four members of a family killed in Amethi
उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के शिवरतनगंज क्षेत्र में दुस्साहसिक वारदात में एक परिवार के चार सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक परिवार किराए के मकान में रहता था। परिवार का मुखिया सरकारी स्कूल में शिक्षक था। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कल शाम मां अहोरवा भवानी चौराहे के पास किराए के मकान में रह रहे शिक्षक सुनील कुमार (35), पत्नी पूनम भारती (33), बेटियों दृष्टि (7) और लाडो (2) को अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। गोलियों की आवाज से जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तब तक हमलावर भाग चुके थे। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस चारों लोगों को सिंहपुर सीएचसी ले गई जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक परिवार का मुखिया सुनील कम्पोजिट विद्यालय पनहोना में शिक्षक के पद पर कार्यरत था। मृतक सुनील मूल रूप से रायबरेली जिले के सुदामापुर का निवासी था। घटना स्थल पर कई थानों की पुलिस बल मौजूद है। पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि फोरेंसिक टीम को मौके पर कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर घटना के कारण और दोषियों की जल्द ही पहचान की जा सकेगी।




