पंजाब में हथौड़े से तोड़ी गई डॉ. अंबेडकर की मूर्ति, माहौल तनावपूर्ण, खालिस्तानी आतंकी ने VIDEO किया जारी

होशियारपुर- पंजाब के होशियारपुर में मंगलवार को डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात हमलावरों ने हथौड़ों और नुकीले हथियारों से क्षतिग्रस्त कर दिया। यह घटना गांव नूरपुर जट्टां में सामने आई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

घटना के बाद अलगाववादी तत्वों से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा एक वीडियो जारी कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। वीडियो में भारत, बाबा साहेब और कुछ समुदायों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। गांव के सरपंच शिंगारा राम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसे सामुदायिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और गढ़शंकर से विधायक जय कृष्ण रोड़ी पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। सरपंच के अनुसार हमलावरों ने प्रतिमा का चेहरा तोड़ दिया, आसपास लगे शीशे को चकनाचूर कर दिया और वहां लगी लाइटों को भी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा चुकी थी, जिसके बाद पंचायत ने सुरक्षा के लिए शीशे की दीवार बनवाई थी।

इस मामले में माहिलपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी (जांच) डॉ. मुकेश कुमार के अनुसार गुरपतवंत सिंह पन्नू समेत कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 और 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

 

Related Articles

Back to top button