बरेली में गंदगी फैलाई तो CCTV से पकड़े जाएंगे, घरों पर लगेगी मार्किंग; स्वच्छ परिवारों को मिलेगा ग्रीन स्टीकर
नगर निगम की नई पहल, एलईडी स्क्रीन पर दिखेंगी गंदगी फैलाने वालों की तस्वीरें

बरेली, 28 नवंबर। स्मार्ट सिटी बरेली को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। अब सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर सीसीटीवी कैमरों और वायरल वीडियो के जरिए नजर रखी जाएगी और पहचान कर जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि शुरुआत में लोगों को चेतावनी देकर जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद गंदगी फैलाने पर जुर्माने के साथ जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी होगी। योजना के तहत गंदगी फैलाने वालों की तस्वीरें शहर की एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जाएंगी और उनके घरों के दरवाजों पर मार्किंग भी कराई जाएगी।
वहीं डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में सहयोग करने और घर के आसपास सफाई रखने वाले परिवारों को सम्मानित कर उनके घर पर ग्रीन स्टीकर लगाया जाएगा। शहर में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के कैमरों से निगरानी होगी। सफाई कर्मचारियों को भी कूड़ा जलाने और गंदगी वाले स्थानों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#बरेली #नगरनिगम #स्वच्छता #CCTV #स्मार्टसिटी




