देश को घुसपैठिया मुक्त बनाने की तैयारी: अमित शाह ने बुलाई पुलिस महानिदेशकों की बैठक
नई दिल्ली। देश को माओवादियों से मुक्त करने के बाद गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह अब अवैध घुसपैठिया मुक्त बनाने के मिशन में जुट गए हैं। बिहार, राजस्थान, गुजरात और त्रिपुरा के सीमावर्ती जिलों का दौरा करने के बाद अमित शाह ने सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशकों की बैठक बुलाई है।
नौ जुलाई को दिल्ली में होने वाली बैठक में खुफिया ब्यूरो, रॉ, ईडी, एनआईए समेत सभी केंद्रीय एजेंसियों के प्रमुख रहेंगे। बैठक में अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने के साथ-साथ घुसपैठ से जुड़े पूरे इकोसिस्टम को ध्वस्त करने की रणनीति पर चर्चा होगी। सरकार घुसपैठ की समस्या से निजात दिलाने के लिए पहले ही उच्चाधिकार प्राप्त जनसांख्यिकी बदलाव समिति का गठन कर चुकी है।





