एके-47, 25 पिस्तौल और 368 कारतूस… पंजाब के अमृतसर में बॉर्डर पर आईएसआई ने गिराया हथियारों का जखीरा
अमृतसर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित रमदास इलाके में पड़ी बार्डर ऑब्जर्विंग पोस्ट (बीओपी) शाहपुर के पास बीएसएफ के जवानों ने हथियारों की बड़ी खेप बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

इन हथियारों में एक एके-47, 25 विदेशी पिस्तौल, 47 मैगजीन, 368 कारतूस और एक बुलेट प्रूफ जाकेट शामिल हैं। उक्त बरामदगी के बाद हथियार और आरोपित को स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपित की पहचान थाना गेट हकीमां के अधीन पड़ती रूप नगर कालोनी निवासी रोहन खोसला के रूप में बताई है। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि वीरवार की तड़के सूचना मिली थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ की तरफ से भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित अजनाला-रमदास इलाके में हथियारों की बड़ी खेप गिराई गई है।
इसके बाद बीएसएफ की 117 बटालियन ने अलग अलग जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। वीरवार की देर रात बीएसएफ की तरफ से की गई नाकाबंदी के दौरान सफेद रंग की कार संख्या (पीबी02-ईजे-2347) को रोक कर तलाशी ली गई। कार में तीन बैग रखे हुए थे।




