पीएम मोदी और मैक्रों फ्रांस में भारत इनोवेट्स 2026 का करेंगे उद्घाटन, भारत के स्टार्ट-अप्स को पेश किया जाएगा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 14 जून को नीस में भारत इनोवेट्स 2026 का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे।

शिक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि पैलेस डेस एक्सपोजिशन्स डी नीस में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 120 भारतीय इनोवेटर, 15 उच्च शिक्षा संस्थान के प्रतिनिधि और 500 से अधिक निवेशक शामिल होंगे।
इनमें प्रमुख कार्पोरेट और वेंचर कैपिटल फर्मों के साथ-साथ ग्लोबल सीईओ और इंडस्ट्री लीडर्स भी शामिल होंगे। भारत सरकार द्वारा आयोजित भारत इनोवेट्स 2026 केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है।
यह कार्यक्रम एडवांस्ड कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, स्पेस टेक्नोलाजी, बायोटेक्नोलाजी, एनर्जी, हेल्थकेयर और मैन्युफैक्चरिंग समेत 13 प्रमुख क्षेत्रों को कवर करेगा और भारत के बढ़ते इनोवेशन और डीप-टेक इकोसिस्टम को उजागर करेगा।
प्रधानमंत्री के साथ विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के भी होने की उम्मीद है। मंत्रालय ने कहा, “भारत इनोवेट्स 2026 के पहले संस्करण में नीस में ग्लोबल निवेशकों और इंडस्ट्री के सामने भारत के डीप-टेक इनोवेटर्स और स्टार्ट-अप्स को पेश किया जाएगा।”




