दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता: हत्या के आरोपी को नेपाल सीमा के पास से दबोचा

करीब दो महीने तक फरार रहा आरोपी, 150 से अधिक CCTV फुटेज और तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने सुलझाया हत्या का मामला

नितिन जैन  

दिल्ली के आदर्श नगर थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुमन कुमार झा (45) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आदर्श नगर थाने में एफआईआर संख्या 140/2026 के तहत हत्या का मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने दिल्ली से लेकर भारत-नेपाल सीमा तक लगातार अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार 23 मार्च 2026 को एक PCR कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति के घायल अवस्था में मिलने की सूचना दी गई। घायल को तत्काल बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (BJRM) अस्पताल, जहांगीरपुरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में उसके पुत्र सतेंद्र यादव ने उसकी पहचान राकेश यादव उर्फ रावण निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। जांच के दौरान करीब 150 CCTV फुटेज की गहन पड़ताल की गई। तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और वैज्ञानिक जांच के आधार पर सुमन कुमार झा की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद अदालत से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कराया गया।

जांच में पता चला कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और नेपाल सीमा क्षेत्र में शरण ले रहा था। पुलिस टीम ने कई दिनों तक सीमा क्षेत्रों में डेरा डालकर खुफिया नेटवर्क तैयार किया। 28 मई 2026 को एक गुप्त सूचना मिली कि आरोपी नेपाल सीमा पार कर बिहार के मधुबनी जिले की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला करने और भागने की कई कोशिशें कीं, लेकिन पुलिसकर्मियों ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए उसे काबू कर लिया। स्थानीय पुलिस की सहायता से कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को दिल्ली लाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले शराब पीने के दौरान उसका मृतक से झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते उसने सो रहे मृतक के सिर पर पत्थर से कई वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है।

Related Articles

Back to top button