NCR में बनेगा नया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, राजनगर एक्सटेंशन में 33 एकड़ जमीन फाइनल
दिल्ली-NCR के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में एक नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लगभग 33 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है और इसकी व्यवहार्यता (फिजिबिलिटी) रिपोर्ट भी तैयार कर उत्तर प्रदेश सरकार को भेज दी गई है। शासन से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और Uttar Pradesh Cricket Association मिलकर इस स्टेडियम का निर्माण करेंगे। हाल ही में हुई जीडीए बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जिसमें जीडीए और यूपीसीए की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
प्रस्तावित स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार किया जाएगा। इसमें लगभग 45 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके अलावा खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आधुनिक सुविधाएं, अत्याधुनिक ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर, प्रैक्टिस एरिया और बड़े स्तर की पार्किंग व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार परिसर में करीब 2510 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी।
अधिकारियों का मानना है कि गाजियाबाद की बेहतर कनेक्टिविटी, तेजी से बढ़ती आबादी और खेल गतिविधियों को देखते हुए इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। यह परियोजना न केवल क्रिकेट को बढ़ावा देगी बल्कि क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी नई गति दे सकती है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद जीडीए और यूपीसीए के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और फिर निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।




