’13 लाख साहब को जाने हैं’; DGP के रीडर ने शिकायतकर्ता से कहा था, पंजाब विजिलेंस रिश्वत कांड में CBI का दावा
चंडीगढ़। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो से जुड़े 20 लाख रुपये के कथित रिश्वत मामले में मंगलवार को सीबीआई की विशेष अदालत में अहम सुनवाई हुई। कोर्ट में सीबीआई ने दावा किया पंजाब विजिलेंस के डीजीपी के रीडर ओपी राणा ने शिकायतकर्ता से कहा था कि 13 लाख रुपये साहब तक पहुंचाने हैं, जबकि उसे केवल एक सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड-7 मोबाइल फोन चाहिए।

सीबीआई के अनुसार आरोपितों और ओपी राणा के बीच हुई वाॅट्सएप चैट भी जांच के दौरान सामने आई है। अदालत को बताया कि गिफ्ट के तौर पर मांगे गए मोबाइल फोन के रंग तक की चर्चा हुई थी।
सीबीआई ने कहा कि गिरफ्तार आरोपितों को ओपी राणा के साथ आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करनी है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके। जांच एजेंसी ने ओपी राणा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी करवाए हैं।
वहीं, इस मामले में बिचौलिये विकास उर्फ विक्की गोयल और उसके बेटे राघव गोयल का सीबीआई को कोर्ट से तीन दिन का रिमांड मिला है। आरोपित ड्राइवर अंकित वाधवा को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं, मुख्य आरोपित ओपी राणा अभी फरार है। सरकारी वकील ने कोर्ट को यह भी बताया कि इस मामले में कई बड़े अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में है।




