पाकिस्तान से रिहा होकर अमृतसर पहुंचा मध्यप्रदेश का युवक, अपने परिवार का कर रहा इंतजार; किसी से मिलने की इजाजत नहीं
मध्यप्रदेश के बालाघाट निवासी प्रसन्नजीत रंगारी, पाकिस्तान से रिहा होने के बाद अमृतसर पहुंचे हैं। उन्हें फिलहाल गुरु नानक देव अस्पताल की सराय में ठहराया गया है, क्योंकि परिवार अभी नहीं पहुंचा है। पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए प्रसन्नजीत की बहन से बात करवाई। रेडक्रॉस उनकी देखभाल कर रहा है। परिवार के आने पर उन्हें सौंप दिया जाएगा। पाकिस्तान ने सद्भावना के तहत सात भारतीयों को रिहा किया था।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अभी तक प्रसन्नजीत को लेने के लिए उसके परिवार का कोई सदस्य अमृतसर नहीं पहुंचा है। इसी कारण मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रशासन की ओर से उसे गुरु नानक देव अस्पताल की सराय में सुरक्षित आश्रय दिया गया है। रविवार को अमृतसर के मजीठा थाना पुलिस ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रसन्नजीत की उसके परिजनों से बातचीत करवाई।




