मांगें नहीं मानी गईं तो अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा धरना-प्रदर्शन: चैतर वसावा
झगडिया GIDC स्थित नाइट्रेक्स केमिकल इंडिया लिमिटेड कंपनी में मजदूरों के अधिकारों को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा बीते 24 घंटे से मजदूरों के साथ धरने पर बैठे हुए हैं। धरना-प्रदर्शन के दूसरे दिन विधायक चैतर वसावा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कंपनी प्रबंधन पर श्रम कानूनों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया।
विधायक चैतर वसावा ने कहा कि नाइट्रेक्स केमिकल इंडिया लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारियों को भारत एवं गुजरात सरकार द्वारा बनाए गए श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले लाभ नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्रियल डिस्प्यूट एक्ट 1947, फैक्ट्री एक्ट 1948, एम्प्लॉई स्टेट इंश्योरेंस एक्ट 1948, एम्प्लॉई प्रोविडेंट फंड एक्ट 1952 और पेमेंट ऑफ ग्रेच्युटी एक्ट 1972 जैसे महत्वपूर्ण कानूनों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2011 से कार्यरत कई कर्मचारियों को आज तक सैलरी स्लिप नहीं दी गई है। इसके अलावा पीएफ की सुविधा, मेडिकल क्लेम, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान जैसी मूलभूत सुविधाएं भी मजदूरों को नहीं मिल रही हैं।
चैतर वसावा ने कहा कि कंपनी से उनकी प्रमुख मांग है कि जिन कर्मचारियों ने तीन वर्ष से अधिक समय तक सेवा दी है, उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। साथ ही उन्हें ग्रेच्युटी, नियमित वेतन वृद्धि और अन्य कानूनी लाभ प्रदान किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कंपनी प्रबंधन मजदूरों की इन जायज मांगों को स्वीकार नहीं करता है, तो यह धरना-प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। इस आंदोलन को विभिन्न नेताओं और संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है।




