Rajasthan के अलवर में जमीन को लेकर हुई हिंसक झड़प, महिला की गोली मारकर हत्या और 6 घायल
राजस्थान के अलवर ज़िले में जमीन के झगड़े को लेकर शुक्रवार को हुई हिंसक झड़प में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक यह घटना नौगांवा इलाके के मुबारकपुर के पास रायसिख बास गांव में हुई, जब एक परिवार के दो गुटों ने तीन बीघा जमीन को लेकर एक-दूसरे पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया।

कथित तौर पर एक पक्ष के लोगों ने गोली चलाई। एक गोली दीपो बाई (50) की गर्दन के पास लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने कहा, “तीन बीघा ज़मीन को लेकर झगड़ा करीब 20 दिनों से चल रहा था। दीपो बाई के पति, चरण सिंह दो बीघा ज़मीन पर खेती करते थे, जबकि बाकी एक बीघा पर उनका चचेरा भाई जंगीर खेती कर रहा था, जिसने हाल ही में पूरी ज़मीन पर स्टे ऑर्डर लिया था।”




