पंजाब की जनता को आप पर नहीं रहा भरोसा, अब हरियाणा मॉडल की ओर देख रही है : Nayab Singh Saini

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि पंजाब की जनता का अब आम आदमी पार्टी की सरकार पर से विश्वास उठ चुका है और वे कल्याणकारी योजनाओं के लिए हरियाणा की ओर उम्मीद से देख रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी भी कांग्रेस की तरह ही चुनावी वादे पूरे करने में विफल रही है।

Nayab Singh Saini

मंत्रिमंडल की बैठक में ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ को मंजूरी देने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने संकल्प पत्र का एक और वादा पूरा किया है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। उन्होंने पंजाब की ‘आप’ सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि चुनावों में महिलाओं से किए गए वादे अब तक अधूरे हैं, जबकि हरियाणा में चुनाव दूर होने के बावजूद वादे लगातार पूरे किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है कि जो कहा, वह किया, जबकि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की गारंटी ‘चीनी सामान’ जैसी है, जिसकी कोई गारंटी नहीं होती।” सैनी ने कांग्रेस और ‘आप’ पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों एक ही थाली के हैं और जनता उन पर भरोसा नहीं करती। उन्होंने पंजाब की जनता को याद दिलाया कि हरियाणा में एमएसपी पर सभी फसलें खरीदी जा रही हैं और आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिल रहा है, जबकि पंजाब में ऐसी कोई सुविधा नहीं है।

मुख्यमंत्री ने पंजाब में आई बाढ़ पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि हरियाणा सरकार मानवता के नाते हर संभव मदद के लिए तैयार है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर राहत सामग्री, बचाव दल और चिकित्सा सहायता भेजने की पेशकश की है।

 

Related Articles

Back to top button