सरकार बाढ़ प्रभावितों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी : Chief Minister Rekha Gupta

नयी दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी। श्रीमती गुप्ता ने आज यमुना बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के सामने बनी बस्ती में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने उनका हालचाल पूछा और बताया कि सरकार बाढ़ पर निगरानी रखे हुए है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सरकार की ओर से पूरी तैयारियां हैं।

Chief Minister Rekha Gupta

उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार उनके साथ खड़ी है। सरकार बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी।उन्होंने बताया कि यमुना नदी का जलस्तर आज सुबह कुछ समय के लिए 206 मीटर को छूने के आसपास था लेकिन अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र यमुना के फ्लड प्लेन का लो-लाइन इलाका है, इसलिए पानी यहां तक पहुंच गया, लेकिन इससे आगे नहीं बढ़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली में बाढ़ जैसी कोई भी स्थिति नहीं है। यह जलस्तर का अधिकतम चढ़ाव था और अब पानी उतरने की दिशा में है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रशासन लगातार कंट्रोल रूम से बाढ़ के हालात की निगरानी कर रहा है। वैसे बाढ़ का पानी जिस गति से आ रहा है, उसी अनुपात में आगे निकल भी रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यहां रहने वाले परिवारों से सरकार ने अनुरोध किया था कि वे अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं, लेकिन कई लोग अभी भी वहीं पर रह रहे हैं। फिलहाल बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। आवश्यकता होगी तो लोगों को यहां से निकालकर वैकल्पिक आवासों तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यमुना का जलस्तर अब तेजी से नीचे जाएगा और लोगों को किसी गंभीर असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button