गलत तथ्यों के आधार पर देश को गुमराह कर रहे हैं राहुल गांधी : BJP

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह गलत तथ्यों के आधार पर देश को गुमराह कर रहे हैं। श्री गांधी के मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार करते हुए यह बात कही है। भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित एक संवाददता सम्मेलन में पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सीएसडीएस पर झूठ परोसने का आरोप लगाया और कहा कि श्री गांधी ने इन गलत आंकड़ों से भ्रम फैलाने का काम किया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “पिछले कुछ दिनों से हम सभी ने देखा है कि एक तरफ संविधान, सत्य और भारत की जनता की सच्चाई की ताकत है और दूसरी तरफ अराजकता और गलत तथ्यों को फैलाने का राहुल गांधी का मॉडल… जिसमें संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाना और जब आरोप का प्रमाण मांगा जाए तो भाग जाना उनका काम है।”

BJP

उन्होंने कहा, जो वोट चोरी का आरोप तमाम विपक्षी दल लगा रहे हैं, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन खराब है, वीवीपैट से मिलान ठीक नहीं होता है, यह सब श्री गांधी और विपक्ष के सिर्फ बेबुनियाद आरोप हैं। श्री भाटिया ने कहा कि श्री गांधी ने 03 फरवरी 2025 को कहा महाराष्ट्र में 70 लाख वोट बढ़े हैं और 09 जुलाई 2025 को बिहार में कहते हैं कि एक करोड़ वोट बढ़े हैं। आखिर आंकड़ों में इतना बड़ा बदलाव पर आखिर वह कहना क्या चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में जब चुनाव आयोग शपथ पत्र देने और बात करने को कहता है तो वे ऐसा नहीं करते हैं, क्योंकि वे सिर्फ झूठ की दुकान चला रहे हैं। श्री भाटिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि श्री गांधी ने जॉर्ज सोरोस से गुरु मंत्र लिया है कि हिंदुस्तान में समाज को बांटो… तभी सत्ता मिलेगी। कांग्रेस नेता गांधी ने इसी मंत्र को अपनाया है और वो देश में झूठ पर झूठ परोस रहे हैं।

 

Related Articles

Back to top button