मात्र कला ही नहीं, मिट्टी के बर्तन बनाना भी प्रजापति समाज की कलात्मक सोच : Nayab Singh Saini

चण्डीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मिट्टी से बर्तन बनाने की कला हमारी अमूल्य धरोहर है, मिट्टी के बर्तन बनाना मात्र एक कला ही नहीं है बल्कि प्रजापत समाज की कलात्मक सोच, उसकी कुशलता और कौशल का प्रतीक है। सरकार का दृढ़ संकल्प है कि हरियाणा के हर मेहनतकश को सम्मान मिले, उसे ताकत मिले और उसकी प्रगति के नए रास्ते खुलें। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात आज जिला भिवानी में आयोजित राज्य स्तरीय महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कही।

Nayab Singh Saini

इससे पहले मुख्यमंत्री ने महाराजा दक्ष प्रजापति के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनेक बड़ी घोषणाएं की और भिवानी जिला को विकास कार्यो की सौगात देते हुए 234 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत की 19 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 87 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत की 6 परियोजनाओं के उद्घाटन और लगभग 147 करोड़ रुपये लागत की 13 परियोजनाओं के शिलान्यास शामिल हैं। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि अगले 15 दिनों में प्रदेश के 2 हजार गांवों में जहां पंचायती भूमि उपलब्ध है, वहां पर प्रजापति समाज को भूमि उपलब्ध करवा दी जाएगी ताकि कि उन्हें मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए मिट्टी जुटाने में दिक्कत न आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें खसरा नम्बर सहित जमीन की पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने भिवानी जिला के प्रजापति समाज के लाभार्थियों को जमीन के अधिकार पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने यह भी घोषणा की सूक्ष्म उद्यम शुरू करने वाले प्रजापति समुदाय के लोगों को ‘हरियाणा ग्रामीण औद्योगिक योजना‘ के तहत वितीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसके तहत प्रदेश के बी, सी तथा डी श्रेणी के ब्लॉकों में मशीनरी तथा भवन निर्माण पर किए गए निवेश पर 15 प्रतिशत की दर से पूंजीगत सब्सिडी दी जाएगी।

इसके अलावा, 7 वर्षों के लिए सावधि ऋण पर 7 प्रतिशत या अधिकतम 8 लाख रुपये प्रतिवर्ष की दर से ब्याज सब्सिडी भी दी जाएगी मुख्यमंत्री ने समाज के मांग पत्र को स्वीकार करते हुए प्रदेश में समाज की धर्मशालाओं में विभिन्न कार्यो के लिए कुल 1 करोड़ 29 लाख रूपये देने की घोषणा की। जिसमें मुख्यमंत्री ने 31 लाख रूपये, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने 21 लाख रूपये और कृष्ण लाल पंवार, महिपाल ढांडा, डॉ अरविंद शर्मा, कृष्ण कुमार बेदी, श्रुति चौधरी, सांसद धर्मबीर सिंह व रामचंद्र जांगडा की ओर से 11-11 लाख रूपये की राशि शामिल है।

 

Related Articles

Back to top button