महाकुम्भ के कारण 16 फरवरी के बाद होगी कांग्रेस किसान यात्रा
नयी दिल्ली: किसान कांग्रेस ने महाकुंभ के कारण ‘किसान मजदूर सम्मान एवं न्याय यात्रा’ का कार्यक्रम बदल दिया है और अब इसे 18 जनवरी से करने की बजाए 16 फरवरी के बाद ही शुरु किया जाएगा।
किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, सांसद किशोरी लाल शर्मा, पार्टी नेता विश्वविजय सिंह और अखिलेश शुक्ला ने बुधवार को यहाँ पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रयागराज महाकुंभ के कारण यात्रा के समय में परिवर्तन किया जा रहा है। यह यात्रा पहले 18 जनवरी से शुरू होनी थी लेकिन कांग्रेस ने इसे 16 फरवरी के बाद करना तय किया है, ताकि महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई समस्या न हो। गाजियाबाद से ही यात्रा शुरू होगी क्योंकि किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी पश्चिम उत्तर प्रदेश में ही है।




