Delhi: ड्रोन द्वारा पानी के छिड़काव से प्रदूषण नियंत्रण में मिलेगी मदद- गोपाल राय
Spraying water by drones will help in controlling pollution- Gopal Rai
दिल्ली में हॉटस्पॉट जोन में प्रदूषण कम करने के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार ने पायलय प्रोजेक्ट के रूप में ड्रोन से पानी का छिड़काव शुरु किया है। शुक्रवार को दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली के 13 हॉटस्पॉट पर प्रदूषण का स्तर सामान्य से ज्यादा होता है। इन हॉटस्पॉट पर प्रदूषण को प्रभावी ढंग से कम करने के लिए आज आनंद विहार हॉटस्पॉट पर ड्रोन द्वारा पानी के छिड़काव का डेमोंस्ट्रेशन किया गया। गोपाल राय ने बताया कि हॉटस्पॉट में सड़कों के अलावा अन्य जगहों में ड्रोन द्वारा पानी के छिड़काव को लेकर यह पायलट प्रोजेक्ट किया गया है।पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सड़कों पर मोबाइल एंटी स्मॉग गन से छिड़काव किया जा रहा है लेकिन सड़क के अलावा अन्य जगह पर छिड़काव के लिए आज आनंद विहार में ड्रोन द्वारा पानी के छिड़काव का डेमोंस्ट्रेशन किया गया है। पायलट प्रोजेक्ट सफल होने पर हॉटस्पॉट में सड़कों के अलावा अन्य जगहों पर पानी के छिड़काव में इससे मदद मिलेगी। हमारा उद्देश्य है कि टेक्नोलॉजी के आधुनिकीकरण का ज्यादा-से-ज्यादा उपयोग प्रदूषण को दूर करने में किया जाए। अभी हमने पायलट प्रोजेक्ट के तहत आनंद विहार हॉटस्पॉट पर ड्रोन द्वारा पानी का छिड़काव किया है। यह ड्रोन 15 लीटर तक पानी अपने साथ लेकर ऊपर से छिड़काव कर सकता है। छिड़काव के बाद इसका क्या असर होता है इसकी रिपोर्ट पर्यावरण विभाग और डीपीसीसी को भेजी जाएगी। पर्यावरण विभाग और डीपीसीसी के इंजीनियर इसका विश्लेषण करके रिपोर्ट हमें सौपेंगे और उस आधार पर और ज्यादा प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। अगर यह प्रोजेक्ट सफल रहता है तो हम अन्य हॉटस्पॉट पर भी इससे छिड़काव करवाएंगे।




