Uttrakhand: रोज़गार गारंटी परिषद की बैठक में ग्राम्य विकास मंत्री ने दिए तेज़ी से रिक्त पदों की नियुक्ति और योजनाओं की गुणवत्ता पूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश
In the meeting of Employment Guarantee Council, Rural Development Minister gave instructions for quick recruitment of vacant posts and quality implementation of schemes

सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में ग्राम्य विकास मंत्री श्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में उत्तराखंड राज्य रोजगार गारंटी परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषद द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ग्राम्य विकास मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर जेई एवं रोजगार सेवकों के रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर ‘मेरी गांव मेरी सड़क’ योजना के क्रियान्वयन में भी तेजी लाने के निर्देश दिए तथा कहा कि इस योजना का क्रियान्वयन उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए। श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को हर संभव वित्तीय सहायता मिल रही है, इसे जमीनी स्तर तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि केंद्र से प्राप्त वित्तीय सहायता का समुचित उपयोग हो, ताकि हर जरूरतमंद को इसका लाभ मिल सके। बैठक में उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘हरेला’ तथा ‘अमृत सरोवर’ योजनाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी इन योजनाओं के तहत रोपे गए वृक्षों की पूरी जानकारी तथा मॉनिटरिंग समय से उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने अमृत सरोवर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए झील के किनारे वृक्षारोपण तथा सब्जी उत्पादन को रोजगार सृजन का माध्यम बनाने पर जोर दिया। श्री जोशी ने कहा कि अमृत सरोवर योजना प्रधानमंत्री की विशेष परियोजना है, जिससे न केवल पेयजल की समस्या का समाधान होगा, बल्कि झील के किनारे वृक्षारोपण तथा कृषि कार्य के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने जिलाधिकारियों तथा मुख्य विकास अधिकारियों को इस योजना का सुचारू क्रियान्वयन करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए।




