Business: सोना रिकॉर्ड स्तर से फिसला, चांदी 1,000 रुपये लुढ़की
Gold slips from record level, silver falls by Rs 1,000
स्टॉकिस्टों और खुदरा विक्रेताओं की ताजा बिकवाली के बाद मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आ गई। यह 50 रुपये की गिरावट के साथ 78,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 200 रुपये बढ़कर अब तक के उच्चतम स्तर 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी का भाव 1,000 रुपये की गिरावट के साथ 92,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया, जबकि पिछली बार यह 93,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।

इसके अलावा 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 50 रुपये की गिरावट के साथ 78,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। सोमवार को यह 78,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ और अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। कारोबारियों ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग को बताया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का भाव 54 रुपये यानी 0.07 फीसदी बढ़कर 76,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। हालांकि, एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध का भाव 101 रुपये यानी 0.11 फीसदी गिरकर 90,635 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना वायदा 0.16 फीसदी बढ़कर 2,669.90 डॉलर प्रति औंस हो गया। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के कमोडिटी रिसर्च के वरिष्ठ विश्लेषक मानव मोदी ने कहा, ”निवेशक फेडरल रिजर्व की ओर से अमेरिकी ब्याज दरों पर और संकेतों का इंतजार कर रहे हैं। इसके चलते सोने की कीमतों में स्थिरता आई…” मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर लगातार चिंताओं के चलते भी सुरक्षित निवेश की मांग बनी रही। इसके साथ ही डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेज बढ़ोतरी का भी कीमतों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह मुख्य ध्यान अमेरिकी खुदरा बिक्री, आईआईपी और चीन के जीडीपी आंकड़ों पर रहेगा जो सर्राफा कीमतों को दिशा देंगे।विदेशी बाजारों में चांदी 0.08 प्रतिशत बढ़कर 31.34 डॉलर प्रति औंस हो गई।




