Buisness: विस्‍तारा, एयर इंडिया और इंडिगो की ढाका के लिए सभी उड़ानें रद्द

Vistara, Air India and Indigo cancel all flights to Dhaka

नई दिल्ली, 06 अगस्त (वेब ​​वार्ता)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हालात को देखते हुए टाटा के नेतृत्व वाली एयर इंडिया, विस्तारा और इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे के बाद ढाका के हालात को देखते हुए एयरलाइंस ने यह कदम उठाया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को जानकारी दी कि देश की प्रमुख एयरलाइंस विस्तारा, एयर इंडिया और इंडिगो ने ढाका आने-जाने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। विस्तारा ने आज ढाका की उड़ानें रद्द की हैं, जबकि एयर इंडिया और इंडिगो ने कल देर शाम अपनी उड़ानें रद्द कर दी थीं। विस्तारा के एक अधिकारी ने बताया कि एयरलाइन की उड़ानें पहले रोजाना मुंबई से ढाका और हफ्ते में तीन दिन दिल्ली से ढाका जाती थीं। लेकिन वहां के मौजूदा हालात को देखते हुए विस्तारा ने फिलहाल अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। इससे पहले विस्तारा ने सोमवार को मुंबई से अपनी उड़ान का संचालन किया था। एयर इंडिया और इंडिगो पहले ही अपनी उड़ानें रद्द कर चुकी थीं। गौरतलब है कि बांग्लादेश में आरक्षण नीति के खिलाफ हिंसा चरम पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। वह फिलहाल भारत में हैं।

Related Articles

Back to top button