ग्वालियर में 4.30 करोड़ का बड़ा बीमा घोटाला, सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर
ग्वालियर। ग्वालियर और चंबल अंचल में वाहनों के एक्सीडेंट क्लेम के नाम पर चल रहे अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है।
सरकारी क्षेत्र की प्रतिष्ठित द न्यू इंडिया एश्योरेंस के साथ 4.30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में सीबीआई ने ग्वालियर के दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। इनके अलावा कई अज्ञात सरकारी कर्मचारियों व निजी व्यक्तियों को भी जांच के दायरे में लिया है।

सीबीआई ने यह कार्रवाई कंपनी के भोपाल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के उप महाप्रबंधक मयंक कुमार झा की लिखित शिकायत और आंतरिक जांच रिपोर्ट के बाद की है। सीबीआइ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद डी. मोरे जांच कर रहे हैं।
इसमें ग्वालियर के मुरार क्षेत्र स्थित सिद्धेश्वर नगर निवासी अवेधश परमार, उसके भाई शैलेंद्र सिंह परमार व ग्वालियर के नरसिंह नगर निवासी मनराज प्रजापति पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने व भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।




