नीरव मोदी को यूके में बड़ा झटका: बैंक ऑफ इंडिया को देने होंगे 100 करोड़ रुपये, लंदन हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला
नई दिल्ली। भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी (Nirav Modi News) को यूनाइटेड किंगडम में एक बड़ा कानूनी झटका लगा है। लंदन हाई कोर्ट ने बैंक ऑफ इंडिया के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा है कि मोदी को अपने बिजनेस एम्पायर से जुड़े लंबे समय से चल रहे लोन विवाद में 10.7 मिलियन डॉलर से अधिक (100 करोड़ रुपये से ज्यादा) की रकम चुकानी होगी। यह सरकारी बैंक के लिए एक बड़ी जीत है, क्योंकि वह भारत के सबसे हाई-प्रोफाइल आर्थिक अपराधियों में से एक से बकाया रकम वसूलने की कोशिश कर रहा है।

क्या है पूरा मामला?
नीरव मोदी का बैंक ऑफ इंडिया के साथ ये विवाद दुबई की कंपनी ‘फायरस्टार डायमंड FZE’ को दिए गए लोन से जुड़ा है, जो नीरव मोदी से जुड़ी कंपनी है। बैंक का तर्क था कि मोदी ने लोन के लिए व्यक्तिगत गारंटी दी थी और इसलिए बकाया रकम चुकाने के लिए वही जिम्मेदार थे।
वहीं नीरव मोदी ने UK की अदालतों में इस दावे का विरोध किया। साथ ही वह इस साल की शुरुआत में केस लड़ने के लिए लंदन कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से भी पेश हुआ। आखिरकार हाई कोर्ट ने बैंक ऑफ इंडिया का फेवर लिया और माना कि बैंक का दावा सही है। इस फैसले का मतलब है कि बैंक अब UK में उपलब्ध कानूनी तरीकों से पैसे की वसूली कर सकता है।




