बेंगलुरु में मादक पदार्थ के रैकेट का भंडाफोड़, दो विदेशी समेत 23 गिरफ्तार
बेंगलुरु। कर्नाटक में पुलिस ने मादक पदार्थों और तंबाकू उत्पादों की खरीद-बिक्री के आरोप में दो विदेशी नागरिकों समेत 23 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि बेंगलुरु के विभिन्न थाना क्षेत्रों में केंद्रीय अपराध शाखा के मादक पदार्थ निरोधक दस्ते ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अलग-अलग तारीखों पर अभियान चलाया। इस दौरान दो विदेशी नागरिकों, अन्य राज्यों के छह लोगों और 15 स्थानीय निवासियों समेत कुल 23 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। जब्त मादक पदार्थ का बाजार मूल्य करीब आठ करोड़ रुपये आंका गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिलने के बाद नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए। इसके बाद पुलिस टीमों ने छापेमारी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया।





