अमेरिका में H-1B वीजा और नौकरी के लालच में भारतीय से 94 लाख की ठगी, कोर्ट पहुंचा मामला
वॉशिंगटन। अमेरिका में काम कर रहे एक भारतीय आईटी पेशेवर ने टेक्सास की एक अदालत में अपने ही भारतीय-अमेरिकी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कर्मचारी का आरोप है कि उसकी नौकरी बचाने और कानूनी तौर पर अमेरिका में बनाए रखने (इमिग्रेशन स्टेटस) के बदले उससे करीब 1 लाख डॉलर (लगभग 94 लाख रुपये) की जबरन वसूली की गई।

ऋषिकेश राज मीसाला नाम के इस कर्मचारी ने अपनी शिकायत में कंपनी के मालिक साई जितेंद्र कलागरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ऋषिकेश का कहना है कि जब उन्होंने इस जबरन वसूली का विरोध किया, तो उन्हें अमेरिकी इमिग्रेशन विभाग (ICE) से डिपोर्ट कराने और भारत में रहने वाले उनके पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं। हालांकि, ये सभी आरोप अभी अदालत में साबित होना बाकी हैं।




