अहमदाबाद विमान हादसे में तबाह हुआ हॉस्टल फिर बनेगा, गुजरात सरकार का बड़ा फैसला
अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने घोषणा की है कि पिछले वर्ष एअर इंडिया विमान दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए अहमदाबाद मेडिकल छात्रावास परिसर का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
वहीं, कुछ पीड़ित परिवार इस स्थल को स्मारक के रूप में संरक्षित करने की मांग कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने बताया कि सरकार उसी स्थल पर लगभग 105 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक नए अत्याधुनिक छात्रावास का निर्माण करेगी।
लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआइ-171, 12 जून 2005 को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद मेघानीनगर क्षेत्र में स्थित मेडिकल छात्रावास परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
विमान में सवार 241 लोग और जमीन पर 19 लोग मारे गए थे। एक यात्री बच गया था। पीड़ित परिवारों ने कहा है कि इस स्थान को स्मारक के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा है कि हमारे लिए यह स्थान महज जमीन या बुनियादी ढांचा नहीं है, यह जिंदगियों, यादों, दुःख और अपूरणीय क्षति से जुड़ा एक स्थल है।





