भारत बना दुनिया का 5वां सबसे बड़ा रक्षा खर्च करने वाला देश, 2025 में 92 अरब डॉलर तक पहुंचा बजट
SIPRI की रिपोर्ट के अनुसार, भारत 2025 में 92.1 अरब डॉलर के रक्षा बजट के साथ दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा सैन्य खर्च करने वाला देश बन गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में वैश्विक सैन्य खर्च 2.89 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो लगातार 11वें साल वृद्धि को दर्शाता है।

भारत ने रक्षा बजट बढ़ाया
SIPRI ने मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संक्षिप्त लेकिन तीव्र संघर्ष को क्षेत्रीय रक्षा खर्च में बढ़ोतरी का बड़ा कारण बताया है।
इस संघर्ष में लड़ाकू विमान, ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल हुआ था। इसके बाद भारत ने अपने रक्षा बजट को बढ़ाया, जबकि पाकिस्तान ने भी अपना सैन्य खर्च 11 प्रतिशत बढ़ाकर 11.9 अरब डॉलर कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने चीन से नए विमान और मिसाइलों की खरीद के लिए ऑर्डर दिए, जिससे उसके रक्षा खर्च में तेजी आई।
दुनिया के टॉप-5 रक्षा खर्च करने वाले देश
2025 में रक्षा खर्च के मामले में शीर्ष पांच देश रहे- अमेरिका, चीन, रूस, जर्मनी और भारत। इन पांच देशों का कुल वैश्विक सैन्य खर्च में 58 प्रतिशत हिस्सा है, जो करीब 1,686 अरब डॉलर के बराबर है।




