गुजरात: सोना और कैश के लिए नौकरानी ने की मालकिन की गला घोंटकर हत्या, बोरे में भरकर फेंका शव

नई दिल्ली। गुजरात के बनासकांठा जिले में पालनपुर शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 36 वर्षीय महिला शांतिबेन अकेडीवाला की कथित तौर पर उसी महिला ने हत्या कर दी, जिस पर वह सालों से पूरा भरोसा करती थीं। मृतका शांतिबेन अकेडीवाला चाणक्यपुरी सोसाइटी में रहती थीं।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रेखा राठौड़ पिछले 15 सालों से अकेडीवाला परिवार से जुड़ी हुई थी। वह घर के कामकाज और खाना बनाने में मदद करती थी और धीरे-धीरे पूरे परिवार का भरोसा जीत लिया था। रेखा राठौड़ हनुमान टेकरी इलाके में फर्नीचर का कारोबार भी करती है और शांतिबेन के साथ नियमित संपर्क में रहती थी।

गहनों और पैसे का विवाद बना वजह
लगभग एक साल पहले शांतिबेन ने रेखा राठौड़ को आर्थिक मदद की थी। उन्होंने उसे करीब 790 ग्राम सोने-चांदी के गहने और 2 लाख रुपये नकद दिए थे। जब शांतिबेन ने अपना पैसा और गहने वापस मांगने शुरू किए, तो दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा। 22 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे शांतिबेन रेखा राठौड़ की फर्नीचर दुकान पर गईं। पुलिस जांच के अनुसार, वहां पहले से ही उनकी हत्या की साजिश रची जा चुकी थी।
आरोप है कि रेखा राठौड़ ने अपने पति और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले शांतिबेन को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया। इसके बाद बाइक के क्लच वायर से उनका गला घोंट दिया गया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर एक सुनसान नाले में फेंक दिया, ताकि सबूत मिट जाएं।

पुलिस ने की तेज कार्रवाई
शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद पालनपुर सिटी वेस्ट पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी रेखा राठौड़, उसके पति और दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में सोने-चांदी के गहनों और नकदी की बरामदगी भी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button