मिल्कफेड के चेयरमैन नरेंद्र शेरगिल ने दिया इस्तीफा, पंजाब में राजनीतिक बदलाव के संकेत; वित्त मंत्री के हैं करीबी
मिल्कफैड के चेयरमैन नरेंद्र शेरगिल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे सहकारिता विभाग ने स्वीकार कर लिया है। इस्तीफे को लेकर अटकलें तेज हैं कि क्या यह पार्टी के दबाव में हुआ या वे नई राजनीतिक राह तलाश रहे हैं।

हालांकि, यह पता नहीं चल पाया है कि क्या यह इस्तीफा पार्टी ने उनसे लिया है या उन्होंने अपनी नई राजनीतिक राह तलाशने के लिए यह इस्तीफा दिया है। शेरगिल जो वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा के करीबी माने जाते हैं के इस तरह से इस्तीफा देने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस्तीफा देने के बाद नरेंद्र शेरिगल ने अपना फोन भी बंद कर लिया जिस कारण उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
शेरगिल , जो खरड़ विधानसभा हलके से 2022 के चुनाव के दौरान प्रबल उम्मीदवार थे की जगह पार्टी ने अनमोल गगन मान को उतार दिया था जिस कारण वह काफी नाराज हुए लेकिन उन्हें मिल्कफेड जैसे बड़े संस्थान की चेयरमैनशिप देकर पार्टी ने उन्हें मना लिया। लेकिन पार्टी उनके कामकाज से खुश नहीं थी।
पिछले कुछ समय से जिन जिन बोर्ड और कार्पोरेशन के चेयरमैन या वाइस चेयरमैन के पदों पर पार्टी के नेता लगे हुए हैं उनमें से अधिकांश को उनके कार्यकाल में वृद्धि नहीं दी गई है जबकि अपने अपने कार्यकाल में वृदि्ध के लिए कई नेता हाथ पांव मार रहे हैं।




